सर्किट हाउस सभागार में सहारनपुर विकास प्राधिकरण की बैठक लेते कमिश्नर लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त लोकेश एम ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात के बढ़ते दबाव के मद्देनजर शहर का सुनियोजित विकास किया जाए। आवासीय और व्यावसायिक भवनों के मानचित्र स्वीकृत करने में नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। अवैध भवनों और कालोनियों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।
सर्किट हाउस सभागार में शुक्रवार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त लोकेश एम ने यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय और व्यावसायिक भवनों के नक्शों को अनावश्यक लंबित न रखा जाए। जिस भी पटल पर निर्धारित अवधि से अधिक कोई मानचित्र बिना औचित्य के लंबित पाया गया उससे संबंधित सहायक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की आय के स्रोत बढ़ाने की दिशा में कार्य करें। अनाधिकृत रूप से बन रही कॉलोनियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शहर में हो रहे अवैध निमार्णों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सूचना तंत्र मजबूत किया जाए। अवैध निर्माण की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। इस दौरान जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, शामली जसजीत कौर, अपर आयुक्त प्रशासन डीपी सिंह, सहारनपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार, सचिव विकास प्राधिकरण मुजफ्फरनगर महेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।