एंबुलेंस में प्रसव के बाद बच्ची को गोद में लिए स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव (सहारनपुर)। प्रसव पीड़ा होने पर महिला का एंबुलेंस स्टाफ ने सुरक्षित प्रसव करा दिया। महिला ने एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया। सुरक्षित प्रसव होने के बाद दोनों को सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया।
शनिवार की सुबह आठ बजे ग्राम बहेड़ा निवासी सपना को प्रसव पीड़ा हुई। सपना के पति संदीप कुमार ने 102 एंबुलेंस को फोन लगाया तथा पत्नी को एंबुलेंस से सीएचसी जयपुर (जड़ौदा पांडा) ले जाने लगे। किंतु रास्ते में ही पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) सोनू कुमार ने सूझबूझ से काम लेते हुए महिला के परिजनों के साथ एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करा दिया। बाद में महिला को सीएचसी भर्ती कराया। जहां महिला चिकित्सक डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि प्रसव सुरक्षित हुआ है तथा नवजात बच्ची भी पूरी तरह ठीक है। उधर, एंबुलेंस जिला प्रभारी जितेंद्र सिंह सिसौदिया, मंडल अधिकारी प्रबोध ने एंबुलेंस पर तैनात स्टाफ के अच्छे कार्य की सराहना की है।