तीतरो। बुखार के प्रकोप के चलते ग्राम खडलाना में दो युवकों की मौत हो गई। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। क्षेत्र के ग्राम निवासी सचिन कुमार (20) पुत्र बिन्ना शर्मा को तेज बुखार के चलते परिजनों ने जिला चिकित्सालय भरती कराया था। नाजुक हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
वहीं इसी गांव के विनोद (26) पुत्र निर्भय को भी बुखार की अधिकता के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि बुखार में हालत बिगड़ने पर उसकी वहां मौत हो गई। दो युवकों की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। उधर, गंगोह सामुदायिक चिकित्सा केंद्र प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने बताया कि दोनों युवकों की मौत की जानकारी नहीं हो पाई है। गांव में टीम भेजकर बुखार के संबंध में जांच कराई जाएगी।