ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर
नागल (सहारनपुर)। शुक्रवार शाम गांव लखनौर के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए घायल को नागल सीएचसी पर भर्ती कराया।
गांव लाखनोर टपरी मार्ग से बाइक सवार दो लोग सहारनपुर की ओर जा रहे थे। शाम छह बजे लाखनौर तिराहे पर एक ट्रक ने इन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शिव कुमार (42) पुत्र बलवंत निवासी जगाधरी हरियाणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी नरेंद्र (39) पुत्र जय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर भेजा। जबकि घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागल भर्ती कराया। पुलिस चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद