सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को लेकर कोलॉज बनाने वाले डॉ. डीसी अग्रवाल को इंटरनेशनल ऑनलाइन समर आर्ट एक्सपो 2021 में गोल्डन अवार्ड मिला है।
शहर के शिव विहार कालोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. डीसी अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम 10 अगस्त को शुरू हुआ है, जो 20 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को लेकर कोलॉज बनाए थे, जिसमें वर्तमान परिस्थितियों और हिंसा की घटनाओं को लेकर समाचारपत्रों में प्रकाशित खबरों को शामिल किया। उसके जरिये दर्शाया गया कि महात्मा गांधी की विचारधारा के विपरीत समाज में कितनी बुराईयां व्याप्त हो गई हैं और लोग हिंसा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक्सपो में उन्हें प्रोफेशनल कैटेगिरी में गोल्डन अवार्ड मिला है। गौरतलब है कि डा. डीसी अग्रवाल को इससे पहले भी कई ऑनलाइन प्रतियोगिता और प्रदर्शनी में उनके कोलॉज के प्रदर्शन पर अवार्ड मिल चुके हैं।