दो बाइक सवारों की आमने-सामने की टक्कर में घायल हुए एक युवक को सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने दूसरी बाइक सवारों पर पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए दिन भर अस्पताल में हंगामा किया।
शाम चार बजे आखिरकार मृतक पक्ष के लोगों द्वारा लिखित में कोई कार्रवाई न किए जाने का अनुरोध करने पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव मुहम्मदपुर गाड़ा निवासी 17 वर्षीय अब्दुल समद पुत्र इरशाद मंगलवार की सुबह नौ बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से रामपुर मनिहारान आ रहा था। उसकी टक्कर शिवदासपुर की पुलिया के पास यहीं के रहने वाले बाइक सवार दो युवकों से हो गई।
टक्कर के बाद अब्दुल समद सड़क पर गिर पड़ा, जबकि दूसरी बाइक सवार मौके से भाग खड़े हुए। राहगीरों ने अब्दुल समद को रामपुर मनिहारान सीएचसी भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मौत की सूचना पर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंचे और दूसरी बाइक सवारों पर पीट कर अब्दुल समद की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
पूरा दिन यही हंगामा सीएचसी पर चलता रहा। मामला तूल पकड़ते देख भारी पुलिस बल अस्पताल में तैनात कर दिया गया। इसी दौरान दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास हुए। शाम चार बजे आखिर मृतक पक्ष के लोग मान गए। इसके बाद पुलिस को लिखित में दिया गया कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते।
बाद में पुलिस ने परिजनों के अनुरोध पर शव बिना पीएम के ही उन्हें सौंप दिया। थानाध्यक्ष राकेश सिसोदिया ने बताया कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।