विवाह समारोह में डीजे पर अपनी पसंद का गाना चलवाने को लेकर वजीरपुर गांव में रविवार की रात दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद दूल्हे के साथ तीन युवकों ने मिलकर एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक को छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते मे ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने दूल्हे सहित चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार रात करीब 9 बजे गांव वजीरपुर निवासी जगबीर उर्फ सोनू के वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मढे़ का जश्न चल रहा था। जिसमें बज रहे डीजे में अन्य युवकों के साथ गांव निवासी 22 वर्षीय युवक सचिन भी नाच रहा था।
इसी बीच वहां दूल्हा जगबीर का ममेरा भाई हरियाणा के थाना कुंजपुरा के गांव मुहम्मदपुर निवासी मनोज पुत्र पाल्ला भी आ गया। वह डीजे संचालक को अपनी पसंद का गाना चलाने के लिए कहने लगा। इस पर सचिन और मनोज में बहस होने लगी।
डीजे के पास हाथापाई की स्थिति देखकर वहां जगबीर एवं पप्पू पुत्रगण खिलाड़ी तथा सहीराम पुत्र हुकमचंद भी आ गए। चारों सचिन के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे धक्के देकर बाहर निकालने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने बुरी तरह मारपीटकर उसे लहूलुहान कर दिया।
लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में सचिन की मौत हो गई। सचिन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई पंकज कुमार ने चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सोमवार शाम गांव के बाहर से पुलिस ने तीन आरोपियों मनोज, पप्पू और सहीराम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चौथा आरोपी दूल्हा जगबीर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।