सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र में खान आलमपुरा तकिया क्षेत्र में गुरुवार रात करीब पौने एक बजे बिजली गिरने से डेंटिंग पेंटिंग के लिए खड़े लाखों रुपये की कीमत के कई वाहनों में लगातार तीन बड़े धमाकों के साथ आग लग गई। आग का बवंडर तेजी से उठा और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
विस्फोट के बाद फैलती आग को देखकर तकिया, जनक नगर, खान आलमपुरा से लेकर आसपास की अन्य कई कालोनियों तक में अफरातफरी मच गई।
इस घटना के बारे में मस्जिद से ऐलान कराया गया तो अधिकतर लोग घरों से बाहर सड़कों पर आ गए, जबकि काफी संख्या में छतों पर यह देखते रहे कि आग कहीं उनके घरों तक न पहुंच जाए। हादसे के बाद थाना पुलिस के अलावा क्षेत्र के लोगों ने रेत, पानी, पुराने कंबल आदि से आग बुझाने की कोशिश की।
यहां से गुजरने वाले राहगीरों ने भी वाहनों को दूर रोककर आग पर काबू करने में मदद की कोशिशें की। करीब आधा घंटा बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। सरसावा और बेहट से भी अग्निशमन गाड़ियां मंगानी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने तक दर्जनों वाहन स्वाहा हो चुके थे।
हादसे में स्वाहा होने वाले वाहनों में स्कार्पियो, आई ट्वेंटी, आई टेन, मारुति आल्टो सहित अन्य ब्रांड की गाड़ियां शामिल रहीं। इनकी कीमत लाखों रुपये में रही। सहारनपुर के अलावा रुड़की, हरिद्वार, अंबाला सहित अन्य बाहरी शहरों से यहां वाहन डेंटिंग के लिए पहुंची।
मस्जिद में ऐलान ने बचा ली सैकड़ों की जान
इस घटना के बाद यहां पहुंचे फैसल सलमानी, जहूर, दिलशाद, सगीर और रफीक ने बताया कि समय रहते मस्जिद में ऐलान होने से सैकड़ों लोगों की जान बच गई। वाहनों में आग के बाद पास के घरों में लोगों को बाहर करा दिया गया और क्षेत्र के लोग भी घरों की ओर बढ़ रही आग बुझाते रहे। फायर ब्रिगेड़ के पहुंचने में देरी से लोगों में नाराजगी रही।
विस्फोट समझकर दहशत में रहे सैकड़ों लोग
यहां आसपास के मुहल्लों के रहने वाले जमशेद, जाफर, गफ्फानी, अरशद, राकेश कुमार, पप्पू, बिजेंद्र आदि ने बताया कि बिजली गिरने से वाहनों में धमाकों के साथ हुई घटना को अधिकतर लोगों ने विस्फोट समझ लिया था। इसके चलते अधिक दहशत रही।
डेंटिंग मैकेनिक बोले...बिजली गिरने का ऐसा हादसा कभी नहीं देखा
डेंटिंग मैकेनिक सगीर अहमद के अलावा अरशद, इजहार आदि ने कहा कि बिजली गिरने का ऐसा हादसा उन्होंने जिंदगी में कभी नहीं देखा। यहां के मैकेनिकों ने इस प्राकृतिक आपदा बताते हुए जले हुए वाहनों के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां वाहन लेकर आने वाले लोग अब उनसे अपनी गाड़ियों का क्लेम मांग सकते हैं। वे कहां से लाएंगे।