गांव बिशनगढ़ में रविंद्र की हत्या के बाद विलाप करतीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मामूली सी बात को लेकर चाचा ने अपने बेटों के साथ मिलकर सगे भतीजे की बल्लम से गोद कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर चाचा और उसके दो बेटों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की हत्या से परिजनों में कोहराम मचा है। तनाव के मद्देनजर गांव में पीएसी तैनात की गई है।
गंगोह कोतवाली के गांव बिशनगढ़ चोरी में शुक्रवार रात करीब नौ बजे यह हौलनाक वारदात हुई। गांव निवासी रविंद्र (35वर्ष) की कटिया खुलकर बराबर में स्थित उसके सगे चाचा जल सिंह के घेर में घुस गई। चाचा ने कटिया को भगाने के बजाय उसे अपने घेर में बांध लिया।
जब रविंद्र उसे वहां से लेने गया तो आरोप है कि चाचा जल सिंह और उसके परिवार के लोगों ने उस पर बल्लम से ताबड़तोड़ वार कर डाले। गंभीर रूप से घायल रविंद्र को उसके परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से सीएचसी गंगोह पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनिया की तहरीर पर जल सिंह, उसके बेटे मलकीत सिंह, भूरा सिंह और पड़ोसी बंटी पर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास केवल 10 बीघा जमीन है और दो बेटियां और एक बेटा है जो अभी छोटे हैं।
सीओ गंगोह बीपी सिंह का कहना है कि मामला रंजिश का लग रहा है कटिया का खुलकर घेर में जाना तो सिर्फ बहाना है। सभी आरोपी फरार हैं। इसलिए किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।