चोरों ने सोमवार अलसुबह सिटी कोतवाली की दीवार में ही सेंध लगाकर इससे सटी दुकान से करीब पौने दो लाख रुपये की नगदी साफ कर दी। महज पांच मिनट के अंदर ही बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देकर चोर आराम से फरार हो गए और पुलिस सोती रह गई।
सोमवार सुबह घटना का पता चला तो कारोबारी से लेकर पुलिस तक में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी कैमरे में तीन चोर कैद हुए हैं, जिनकी उम्र 20 से 22 के आसपास लग रही है।
दाल मंडी पुल के पास थाना सिटी कोतवाली की दीवार से सटी ही दीप स्टोर के नाम से दुकान है। इसमें पंतजलि योगपीठ के उत्पादों की बिक्री की जाती है। दुकान के स्वामी नीरज मिड्ढा के मुताबिक रविवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे प्रतिष्ठान बंद करके वह घर चले गए थे।
सोमवार की सुबह दुकान खोली तो कुछ सामान इधर-उधर नजर आया। काउंटर देखा तो दराज में रखी करीब पौने दो लाख रुपये की नगदी गायब मिली। वे यह देखकर हैरान रह गए कि दुकान से सटी कोतवाली की दीवार के रोशनदान से ही सेंध लगाकर इस घटना को अंजाम दे दिया गया।
इस घटना की भनक लगते ही मोरगंज, दाल मंडी पुल से लेकर आसपास के व्यापारियों से लेकर पुलिस प्रशासन तक में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी बीपी जाखड़ और अन्य पुलिस टीमों ने छानबीन की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें 20 से 22 साल की उम्र के तीन युवक मुंह पर रुमाल लगाकर चोरी करते दिख रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि रविवार अल सुबह 04.02 बजे दुकान में पहुंचकर 04.07 बजे के बीच यानी महज पांच मिनट के अंदर ही शातिर चोरों ने यह कारनामा कर दिखाया। नीरज मिड्ढा का कहना है कि अन्य सामान की चोरी हुई या नहीं। इसे अभी देखा जा रहा है। थाना प्रभारी बीपी जाखड़ का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा।
आसपास के इलाके के तो नहीं चोर ः कोतवाली में पुलिस की नाक के नीचे हुई चोरी की वारदात को लेकर पुलिस अभी कुछ पहलुओं पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि आसपास के इलाकों से ही चोर हो सकते हैं, क्योंकि जितनी आसानी और जितने कम समय में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया, वह इतना सहज भी नहीं था। कोतवाली की ओर से घुसते समय उन्होंने पूरी सावधानी बरती और फिर आसानी से निकल गए।
पुलिस सोती रही, चोर कारनामा करते रहे
दुकान स्वामी नीरज मिड्ढा, व्यापारी नेता राधेश्याम नारंग, आशीष वैश्य, नितिन गर्ग, सुनील गुप्ता, राजकुमार मित्तल, राजकमल अग्रवाल सहित अन्य ने इस वारदात पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि कोतवाली में ही पुलिस सोती रही और चोर कोतवाली की दीवार से ही सेंध लगाकर बड़े आराम से दुकान में घुसे और लाखों की नगदी साफ कर ले गए।
उन्होंने कहा कि जब कोतवाली में ही अपराधी ऐसे कारनामे कर सकते हैं तो फिर बाकी शहर की सुरक्षा की गारंटी पुलिस कैसे देगी। व्यापारियों ने चिंता जताई कि दशहरा, दीपावली से लेकर त्योहारी सीजन में अब व्यापार की चिंता और बढ़ गई है। खुलेआम लूट, चोरी हो रही हैं। यदि वारदात का जल्द खुलासा कर व्यापारियों को सुरक्षा न दिलाई गई तो विरोध के साथ ही आंदोलन किया जाएगा।
सब इंस्पेक्टर के घर में भी चोरों ने लगा दी सेंध
सहारनपुर। आम जन की सुरक्षा का दम भरने वाले पुलिस कर्मियों के अपने घर भी महफूज नहीं है। देहात कोतवाली की भगवती कॉलोनी में एक एसआई के आवास की दीवार फांदकर भीतर घुसे चोर जेवरात और नकदी उड़ा ले गए। थाना देहात कोतवाली की भगवती कॉलोनी में जावेद खान का निवास है।
बताया जाता है कि सब इंस्पेक्टर इन दिनों गाजियाबाद में तैनात हैं। उनकी बीवी और बच्चे यहां रह रहे हैं। रविवार रात बीवी और बच्चे घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोर दीवार फांदकर घर में घुसे। कमरे का कुंडा खोल अलमारी से सोने की एक चेन, एक जोड़ी झुमकी और 22000 रुपये की नगदी लेकर चंपत हो गए।
सब इंस्पेक्टर की बीवी जब घर पर पहुंची तो घर का नजारा देखकर दंग रह गई। तहरीर दे दी गई। थाना प्रभारी एमएस गिल का कहना है कि इस घटना में किसी पड़ोसी के ही हाथ होने की संभावना लग रही है, क्योंकि महिला उस समय पड़ोस में ही गई थी।