सहारनपुर में बेहट रोड स्थित निजी अस्पताल में मोबाइल चोरी करने के बाद बच्चा चोरी करने का प्रयास कर रहे दो शातिरों को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस बुला ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बेहट रोड स्थित लोकप्रिय अस्पताल में बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे दो संदिग्ध घुस गए। बच्चा वार्ड में वे नवजात को उठाने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान अस्पताल में कुछ लोग जाग गए।
बच्चा चोरी करने की कोशिश पर मरीजों ने शोर मचा दिया। वहां मौजूद तीमारदारों और स्टॉफ ने उन्हें घेर लिया। तलाशी लिए जाने पर उनके पास से मोबाइल मिले, जो वहीं से चोरी किए गए थे। अस्पताल प्रबंधन ने नगर कोतवाली पुलिस को खबर की।
पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि पहले भी सहारनपुर में बच्चा चोरी का मामला सामने आ चुका है। कुछ महीने पहले खानआलमपुरा से नवजात बच्चे का सरेशाम अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
एसएसआई एसके उपाध्याय ने बताया कि पकड़े गए चोर शहजाद और शाहरून निवासी नूरबस्ती हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बच्चा चोरी करने के उद्देश्य से वहां गए थे। ऐसा नहीं हो पाया।