सहारनुपर के देवबंद में शादी समारोह में शामिल होने सरसावा गए एक व्यापारी का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। उन्होंने उसे छोड़ने की एवज में 30 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी है।
इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए कई लोगों को हिरासत में ले रखा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपहरण की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
मोहल्ला पठानपुरा (दगड़ा) निवासी सलीम अहमद का पुत्र इमरान (40) नगर के मजनूवाला रोड पर स्पेयर पार्ट्स की दुकान करता है। सात सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह सरसावा में शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से गया था।
रात में उसके घर के मोबाइल नंबर पर पहले मैसेज और फिर कॉल आई। जिसमें फोन करने वाले ने इमरान का अपहरण किए जाने की बात कहते हुए उसे छोड़ने के लिए 30 लाख रुपये की रकम का इंतजाम किए जाने को कहा।
अपहरण की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने रेलवे स्टेशन से इमरान की बाइक बरामद की है। सर्विलांस के जरिये उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। उसके कई दोस्तों से भी पूछताछ जारी है।
एसपी के मुताबिक अभी तक की जांच में सामने आया है कि परिजनों से रकम ऐंठने के लिए इमरान ने स्वयं अपहरण का नाटक किया है या उसके दोस्तों ने ही उसका अपहरण किया है। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।