कनावनी पुलिया के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बस चालक ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
साहिबाबाद के लाजपत नगर निवासी रजत नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह बाइक से अपने दोस्त प्रमोद के साथ ऑफिस जा रहा था। कनावनी पुलिया के पास तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक के दौरान रजत की बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक डिवाइडर से टकराकर रोड पर ही गिरी। इसके बाद बस चालक ने दोनों युवकों और बाइक को रौंद दिया। पकड़े जाने के डर से बस चालक और परिचालक बस छोड़कर नोएडा की ओर भाग निकले। हादसे में रजत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रजत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि प्रमोद निवासी लाजपत नगर को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। एसओ इंदिरापुरम ने बताया कि शिकायत लेकर बस चालक की तलाश की जा रही है।