सहारनपुर में राजस्थान से शुरू हुआ चोटी कटने का सिलसिला सहारनपुर में भी पहुंच गया है। बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार दिन में जिले के छुटमलपुर में दो और रामपुर मनिहारान में एक महिला की चोटी कट गई।
चोटी कटने की घटना से महिलाएं और उनके परिजन दहशत में हैं। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन थोड़ी देर वहां रुककर कर लौट आई।
छुटमलपुर की मुस्लिम कॉलोनी में महफूज का घर है।
रात उसकी 24 वर्षीय पत्नी खुशनुमा घर के आंगन में सो रही थी। किसी समय उसकी चोटी कट गई। सुबह छह बजे उठी तो पता चला कि चोटी कटी हुई है। कटी चोटी चारपाई के पास नीचे पड़ी थी।
उसके अनुसार वह रात 11 बजे सोई थी। चारदीवारी का गेट अच्छी तरह बंद करके लेटी थी जो सुबह जागने के बाद ही खोला गया। वहीं, दूसरी घटना हरिजन कॉलोनी में जल सिंह के घर हुई। जल सिंह भगवानपुर में एक फैक्ट्री में काम करता है।
वह सुबह अपनी नौकरी पर चला गया। उसकी 32 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी के अनुसार सुबह 10 बजे उसे सिर में भारीपन का अहसास हुआ तो उसने देवर मोहन को दवाई लेने भेजा।
इसी दौरान उसकी आंख लग गई। थोड़ी देर में दवा लेकर आए देवर ने जगाया तो उसने ही बताया कि भाभी आपकी चोटी कटी पड़ी है। इसके बाद डायल 100 को सूचना दी गई।
इसके अलावा रामपुर मनिहारान थाने के गांव नौरंगपुर में अमन की पत्नी भारती बृहस्पतिवार रात में अपने कमरे में सो रही थी। रात करीब एक बजे उसे अहसास हुआ कि उनके बालों को काटा गया है।
जब उसने उठकर देखा तो उसकी चोटी कटी हुई बिस्तर पर पड़ी थी। उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी तो वह सकते में आ गए। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। महिलाएं इसे तांत्रिक क्रिया बता रही हैं। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुरू हुआ चोटी कटने का मामला सहारनपुर में भी पहुंच गया। यहां ग्राम नौरंगपुर की एक महिला की सोते समय चोटी कट गई। जिससे पूरे सहारनपुर में दहशत बन गई है। सिर्फ गांव ही नहीं शहर में भी चोटी कटने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जबकि मनोविशेषज्ञ, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी इसे मात्र शरारती तत्वों की खुरापात बता रहे हैं। यही नहीं पुुलिस की एक टीम पीड़ित महिला से तो बात कर ही रही है, आसपास रहने वाले लोगों से भी इस बारे में जानकारी ले रही है। हालांकि अभी तक पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।