सहारनपुर के गंगोह में शुक्रवार की देर शाम तीन बदमाशों ने दुकान बंद कर रहे व्यापारी और वहां मौजूद एक पेंटर को तमंचों से आतंकित करते हुए गल्ले में रखी 4,800 की नगदी लूट ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों की बटों से व्यापारी को घायल कर दिया। इसके बाद शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश पैदल ही भाग गए।
नगर के मोहल्ला इशरा निवासी हंसराज की एचडीएफसी बैंक के निकट में पेंट की दुकान है। शुक्रवार की शाम पौने सात बजे वे दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे कि वहां पहुंचे एक युवक ने पेंट की डिब्बी मांगी।
जैसे ही वे अंदर गए तो अचानक दो बदमाश और दुकान पर पहुंच गए और तीनों ने अंदर घुस कर उन्हें दबोच लिया। इस दौरान दुकान में मौजूद नसीम पेंटर को भी बदमाशों ने निशाने पर ले लिया।
दोनों को तमंचों से डराकर नगदी की मांग की। हंसराज के मना करने पर उसके साथ तमंचों की बटों से मारपीट की गई। इसके बाद बदमाश गल्ले में रखी 4800 की नगदी लेकर पैदल ही भाग गए।
लूट की वारदात से व्यापारियों में रोष है। व्यापारी सपा नेता शफीउल्ला अजमेरी के साथ कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस के समक्ष बढ़ते अपराधों पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी की गैरमौजूदगी में एसएसआई सुशील सैनी ने मौके पर जा कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। थाने जाने वालों में मुख्य रूप से सलाह, सुशील धीमान, आदेश गोयल, मुकेश बंसल, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।