सहारनपुर के देवबंद के रणखंड़ी गांव में रंजिश के चलते करीब आधा दर्जन युवकों ने तीन युवकों को दबोचकर उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। जिसमें तीनों युवक घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया है।
रणखंड़ी गांव निवासी अरुण (23), आकाश (18) और अनुज (22) बुधवार की दोपहर स्कूटर पर सवार होकर किसी काम से गांव में स्थित बस अड्डे पर गए थे।
जब वह वहां रुके तो पहले से मौजूद गांव के करीब छह युवकों ने उन्हें दबोच लिया और देखते ही देखते उन्होंने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। जिसमें तीनों युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हमला करने के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए।
बाद में जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना था कि पिछले वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर किसी बात को लेकर हमलावर और घायल युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। बुधवार को इसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह फरार मिले। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी होगी।