नकुड़ के नसरुल्लापुर रोड पर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार हो गया।
नकुड़ के ग्राम नसरुल्लागढ़ रोड पर 12 अक्तूबर को बदमाशों ने एक युवक को तमंचों से आतंकित कर उसकी बाइक, दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। चार बदमाशों ने इस लूट को अंजाम दिया था। बुधवार को मुखबिर से पुलिस को बदमाशों के बस स्टैंड पर होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच एवं नकुड़ पुलिस ने बस स्टैंड पर बदमाशों को घेर लिया और लूट में शामिल तीन को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक साथी फरार होने में सफल हो गया।
एसपी देहात रफीक अहमद ने बताया कि तीनों के पास से एक तमंचा, कारतूस, एक चाकू, मोबाइल एवं बाइक के पार्ट्स बरामद किए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सचिन उर्फ गोटी, नवीन निवासी ग्राम आसरा खेड़ी, नकुड़, सुहेल उर्फ गुड्डू निवासी मोहल्ला बंजारन नकुड़ बताया।
जबकि फरार हुए आरोपी का नाम रोहित निवासी ग्राम आसरा खेड़ी नकुड़, हाल पता खनपुर, जिला लक्सर, उत्तराखंड बताया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
बाइक के कर दिए पुर्जे-पुर्जे
सहारनपुर। थाना नकुड़ प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लूट के बाद उन्होंने बाइक के पार्ट्स अलग-अलग कर दिए। इन पार्ट्स को वे बाजार में बेचते। पुलिस ने बाइक के पार्ट्स भी बरामद किए हैं।
कच्ची शराब के साथ दो को पकड़ा गागलहेड़ी। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर गश्त के दौरान गांव खजूरी बाग के निकट दो युवक बिजेंद्र पुत्र प्रकाश चंद, विक्की पुत्र रामदास निवासी खजूरी को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ धर दबोचा। वह शराब बेचने के लिए ले जा रहे थे।