सहारनपुर के देवबंद में क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे व धारदार हथियार चलने से सात लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी फहीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को उसका भाई मोइन और चचेरा भाई मुशीर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के निकट ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहे थे।
खेल के दौरान मीना बाजार निवासी दिलशाद, नवाज, सलमान, सलमान पुत्र रिजवान से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि उन लोगों ने मोइन और मुशीर पर लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया।
उधर, दूसरे पक्ष के नवाब अहमद ने तहरीर में आरोप लगाया कि सराय पीरजागदान निवासी मोइन, मुशीर, मुखिया, सोहेल आदि मीना बाजार स्थित उसकी दुकान पर आकर गाली गलौज करने लगे।
विरोध करने पर नवाज एवं सलमान के पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीचबचाव करने आए सलमान और दिलशाद के साथ भी मारपीट की गई। बाद में दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, कुलसत निवासी सुभाष त्यागी ने सचिन व कैलाश पर मारपीट तथा धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।