सहारनपुर के चिलकाना में मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर ग्राम प्रधान और राज मिस्त्री पक्ष में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईट पत्थर फेंके।
आरोप है कि प्रधान पक्ष की तरफ से हवाई फायर भी किए गए। वारदात का पता चलते ही भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने आ गया।
ग्राम मानकपुर में ग्राम प्रधान नावेद ने गांव के ही राज मिस्त्री शौकीन से कुछ समय पहले अपने घर में निर्माण कार्य कराया था। शौकीन के अनुसार प्रधान पर मजदूरी के कुछ रुपये बकाया थे।
शनिवार की शाम मिस्त्री शौकीन ग्राम प्रधान से अपनी मजदूरी के रुपये मांगने आया तो आरोप है कि प्रधान ने उसे गालियां देकर भगा दिया। रविवार शाम करीब साढे़ चार बजे शौकीन फिर प्रधान के पास अपनी मजदूरी के रुपये लेने आया तो दोनों में मारपीट हो गई।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईट पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शौकीन के नाना भूरा ने बताया कि प्रधान ने लोगों को आतंकित करने के उद्देश्य से हवाई फायर कर दिया। फायर होते ही लोग इधर-उधर भाग गए।
गांव में दो पक्षों में मारपीट तथा फायरिंग की सूचना मिलते ही चिलकाना पुलिस में हड़कंप मच गया। पठेड़, टोडरपुर तथा चिलकाना पुलिस आननफानन में गांव पहुंची और पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।
थाने में मौजूद प्रधान नावेद ने फायरिंग से इनकार किया, जबकि दूसरे पक्ष के भूरा, हसीन, गुलजार, नफीस आदि ने बताया कि प्रधान द्वारा चलाई गई गोली पड़ोस के एक मकान के बरामदे की छत में लगी है, जिसका निशान वहां मौजूद है।
उधर, थाने में मौजूद सीओ सदर चरण सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने में बैठा रखा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी सतीश चंद्र त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग में कार्यवाही की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।