सहारनपुर के गंगोह में पुलिस ने गांव सांगाठेड़ा निवासी मिथुन कश्यप की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। हत्या, भाई की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।
हत्या का तीसरा आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया। उधर, मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचकर फरार आरोपी को पकड़ने की मांग की।
बता दें कि बुधवार शाम गांव सांगाठेड़ा निवासी 28 वर्षीय मिथुन कश्यप का गोली लगा शव गांव के जंगल से बरामद हुआ था। परिजनों ने गांव निवासी शहजाद उर्फ लाला एवं आदेश पुत्र मांगा पर मिथुन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को दोनों नामजद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस पुलिस ने बरामद किया है। एएसपी सुरेंद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सन 2009 में शहजाद उर्फ लाला के भाई साबिर की हत्या कर दी गई थी।
जिसके आरोप में मिथुन सहित तीन लोगों का चालान किया गया था। गत वर्ष आरोपियों को अदालत ने दोष मुक्त कर दिया था। लाला, मिथुन को अपने भाई का हत्यारा ही मान रहा था।
लाला ने योजना के तहत मिथुन के जिगरी दोस्त आदेश के साथ दोस्ती कर ली। पुलिस ने बताया कि आदेश खाने-पीने और मौज-मस्ती का शौकीन था। लाला, आदेश पर पैसे खर्च करने लगा।
जब उसे यकीन हो गया कि अब वह उसके कहने पर कुछ भी करने को तैयार हो जाएगा तब उसने आदेश को अपनी योजना बताई और उसे किसी तरह मिथुन को जंगल में लाने के लिए तैयार कर लिया।
योजना के तहत बुधवार शाम आदेश, मिथुन को लेकर जंगल में पहुंचा। वहां लाला अपने ताऊ के पुत्र कादिर के साथ पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। उन्हें देखकर मिथुन ने भागने की कोशिश की, मगर उन्होंने पीछे से सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
उधर, शुक्रवार सुबह भाजपा नेता योगेश रोहिला के नेतृत्व में मृतक के पिता ब्रहमपाल, जयचंद, मेहर सिंह, महेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, ब्रहमपाल सिंह, श्रवण कुमार, अनिल, जयविंद्र, अमित तोमर, रविंद्र, उमेश, धीरज और नाथीराम सहित कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
शहजाद उर्फ लाला को मिथुन की हत्या करने का जरा भी मलाल नही है। पत्रकारों ने जब कोतवाली में उससे इस बारे में बात की तो उसने मुस्कुराते हुए हत्या करने की बात कबूल की। उसने कहा कि मिथुन को मारकर उसने अपने भाई की हत्या का बदला ले लिया है।