सहारनपुर में आय कर विभाग की टीम ने शहर के पांच सराफा कारोबारियों पर एक साथ छापा मारा। जिससे सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। सराफा व्यापारियों ने एकत्रित होकर कार्रवाई का विरोध करते हुए कोर्ट रोड पर हंगामा कर दिया।
कारोबारियों ने विभाग के अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे आय कर विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीमों शहर के पांच सराफा कारोबारियों के यहां एक साथ छापा मारा।
टीमों ने कोर्ट रोड स्थित बालाजी मंशाराम ज्वैलर्स एवं सराफा बाजार स्थित बाला जी मंशाराम ज्वैलर्स, कोर्ट रोड स्थित गौतम ज्वैलर्स, अपार ज्वैलर्स एवं पार्श्वनाथ प्लाजा स्थित वर्धमान ज्वैलर्स के यहां छापामारी की।
छापा लगते ही सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते सराफा कारोबारी एकत्रित हो गए और टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। गौतम ज्वैलर्स के यहां टीम ने पहुंचते ही मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया और गेट बंद कर पुलिस तैनात कर दी गई।
अंदर जाने से अन्य कारोबारियों को रोक दिया। जिससे सराफ कारोबारी आक्रोशित हो उठे। उनकी पुलिसकर्मियों और आयकर विभाग के अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई।
कारोबारियों ने टीम पर सराफा व्यापारी को बंधक बनाकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। कारोबारियों का कहना था कि जब केंद्र सरकार ने सभी को 30 सितंबर तक सरेंडर का समय दिया है तो आय कर विभाग समय से पहले कार्रवाई क्यों कर रहा है।
कारोबारियों को पूरा मौका मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कारोबारियों का उत्पीड़न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। कारोबारियों ने टीम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
कारोबारियों के आक्रोश को देखते हुए बाद में टीम ने कुछ व्यापारियों को अंदर आने दिया और कार्रवाई में किसी का उत्पीड़न न किए जाने का आश्वासन दिया।
आय कर टीम द्वारा स्थानीय पुलिस की बजाय मुजफ्फरनगर एवं अन्य जिलों की पुलिस के साथ कार्रवाई की गई। जिससे कार्रवाई की गोपनीयता बनी रहे।