सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वायड।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में आतंकवादी संगठन लिट्टे एंड जम्मू एंड कश्मीर के एरिया कमांडर के नाम से छह जून को सहारनपुर एवं हापुड़ रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाए जाने की धमकी दी है। दोनों रेलवे स्टेशन के अलावा आतंकी संगठन ने 8 जून को मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि एवं वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर को भी उड़ाए जाने की धमकी दी है।
इस धमकी भरे पत्र के बाद यूपी में अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार देर रात सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान भी चलाया गया। खुफिया एजेंसी को एक जून को एलईटी/जम्मू एंड कश्मीर के एरिया कमांडर मौलाना अंबू शेख की ओर से एक धमकी भरा पत्र मिला है।
जिसमें कहा गया है कि छह जून को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, हापुड़ एवं प्रदेश के अन्य रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाया जाएगा। इसके अलावा मथुरा की श्रीकृष्ण जन्म भूमि एवं काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी को आठ जून को उड़ाने की धमकी दी गई है।
इस पत्र के बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक कानून व्यवस्था की ओर से अलर्ट जारी करते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार रात सहारनपुर स्टेशन पर खुफिया एजेंसियों ने डेरा डालकर संदिग्धों की तलाशी शुरू करा दी है।
बम निरोधक दस्ता एवं डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। बता दें कि पहले भी दो बार सहारनपुर स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। जो हवाई साबित हुई है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले भर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जीआरपी प्रभारी अशोक कुमार सिसौदिया का कहना है कि आतंकी संगठन की तरफ से सहारनपुर स्टेशन को उड़ाए जाने की धमकी मिली है। जिस कारण स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। डॉग स्क्वायड भी मंगा लिया गया है। सीसीटीवी के जरिए भी नजर रखी जा रही है।