सहारनपुर के गंगोह में एक युवक के मोबाइल में मोहल्ले की छात्राओं और महिलाओं के सैकड़ों फोटो देखकर मोहल्लेवासी भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
मामला बढ़ता देख पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। रविवार रात करीब 10 बजे मोहल्ला कोटला निवासी शारिक मोहल्ला मखदूमजहां में एक युवक की कंप्यूटर की दुकान पर मोबाइल की चिप में गाने डाउनलोड कराने के लिए पहुंचा।
दुकानदार ने चिप कंप्यूटर में लगाकर ओपन की तो उसमें मोहल्ले की सैकडों छात्राओं और महिलाओं के फोटो देख उसके होश उड़ गए। पूछताछ करने पर आरोपी युवक गाली-गलौज और धक्कामुक्की कर फरार हो गया। दुकानदार ने मोहल्ले के लोगों को बताया तो उनमें रोष फैल गया।
लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हंगामा किया। हिंदू सभा सराय के अध्यक्ष सुमेरचंद सैनी ने आरोपी युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
इसमें बताया कि उक्त युवक काफी समय से आते-जाते हुए छात्राओं और महिलाओं की मोबाइल से फोटो खींचकर और अश्लील फब्तियां कसकर उन्हें परेशान कर रहा था।
आरोप है कि एक समुदाय के कुछ युवक राह चलती छात्राओं से उनके मोबाइल नंबर तक मांगते हैं। महिलाओं का घर से निकलना दूभर कर रखा है।सीओ जगदीशचंद ने कोतवाल यशपाल सिंह धामा को तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने तभी दबिश देकर आरोपी शारिक को पकड़ लिया। आरोपी को देख भीड़ भड़क गई और उसे अपने हवाले करने की मांग करने लगी। सीओ ने उन्हें आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया,
लेकिन भीड़ हंगामा करती रही। इसके बाद उन्होंने पीएसी को गेट पर तैनात करने के आदेश दे दिए। कुछ लोगों सुशील कम्हेडा, गगन गर्ग, मुकेश राणा, राकेश आर्य आदि ने समझाकर भीड़ को शांत किया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।