सहारनपुर के लखनौती में दो हजार रुपये के लेनदेन के मामूली विवाद में दो पशु व्यापारियों के बीच हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनो तरफ से जमकर लाठी डंडे चले।
पथराव और फायरिंग तक हुई। इसमें दोनो पक्षों के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी गंगोह में भर्ती कराया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी बल तैनात करने के साथ ही छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
गांव लखनौती निवासी इश्तियाक कुरैशी और सलीम कुरैशी पशु व्यापारी हैं। दोनों साझेदारी में काम करते थे। दो हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में बुधवार की दुपहर दोनों के बीच कहासुनी हुई जो खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए।
जमकर लाठी डंडे चले और पथराव तथा फायरिंग तक हुई। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने लाठियां फटकार कर आपस में भिड़ रहे लोगों को खदेड़ा। इस संघर्ष में दोनो पक्षों के सलीम, इश्तियाक, खालिद, मुकीम, अख्तर सहित छह लोग घायल हो गए।
कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि अभी किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। छह लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी पर कार्रवाई होगी।