सहारनपुर में शासन की लाख सख्ती के बावजूद मीट की अवैध दुकानें बंद नहीं हो रही हैं। जिले में भी बड़ी संख्या में अवैध रूप से पशुओं का कटान जारी है।
सोमवार को थाना कुतुबशेर पुलिस ने कमेला कॉलोनी में छापा मारते हुए मीट की अवैध दुकान को सील कराया। साथ ही दो पशुओं का मीट भी जब्त किया।
थाना कुतुबशेर पुलिस को सूचना मिली थी कि कमेला कॉलोनी में मीट की दुकान बिना अनुमति के चल रही है। सोमवार सुबह थाना प्रभारी जितेंद्र कालड़ा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इरफान नाम के व्यक्ति की दुकान पर छापा मारा।
थाना प्रभारी ने जब इरफान से लाइसेंस के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं करा सका है। ऐसे में थाना प्रभारी ने दुकान में रखे दो पशुओं के मीट को जब्त करते हुए दुकान सील करा दी।
इरफान को लाइसेंस के नवीनीकरण होने तक सील से छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकान नगर निगम के लाइसेंस पर चलती है, मगर काफी समय से नवीनीकरण नहीं कराया था, जिसकी वजह से इसे अवैध मानते हुए बंद कराई गई है।
उन्होंने बताया कि अवैध बूचड़खानों और दुकानों पर प्रतिबंध है। क्षेत्र में किसी भी मीट की अवैध दुकान या बूचड़खाने को चलने नहीं दिया जाएगा। गौतलब है कि प्रशासन की सख्ती के बाद भी अवैध तरीके से पशुओं का कटान जारी है। लोगों अवैध कटान और अवैध मीट की दुकानों की शिकायतें भी पुलिस से कर रहे है।