देवबंद। सिंचाई विभाग भर्ती घोटाले के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सिंचाई विभाग में सींचपाल के पद पर नियुक्ति को लेकर 20 अक्तूबर को करोड़ों रुपये का घोटाला प्रकाश में आया था। इस मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे गुनारसा गांव निवासी सोहन लाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस के अनुसार सोहन लाल ने फर्जीवाड़े में करीब सात लोगों को शिकार बनाया था। इनसे उसने लाखों रुपये हड़पे थे। जबकि घोटाले का खुलासा होने के बाद हरकत में आए पुलिस महकमे ने देवबंद के गुनारसा गांव से ही पिता पुत्र और बिजनौर से सिंचाई विभाग के एक बाबू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
वहीं, पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित चल रहे रणखंडी गांव निवासी सुखदेव उर्फ रिंकू और चुनहेड़ी गांव निवासी जयवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। दोनों के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किए थे। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है।