सहारनपुर की बेहट कोतवाली पुलिस ने रविवार रात कस्साबन में छापा मारकर गोवंश की 98 खालें बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से एक स्कार्पियो को भी कब्जे में लिया गया है।
आरोपी इसमें ही खालों का लदान कर रहे थे। इसमें 18 खालों का लदान हो चुका था, जबकि 80 खालें एक कमरे में लगी थीं। पुलिस ने रात में ही खालों को जेसीबी से गड्ढ़ा खुदवाकर दबा दिया।
सीओ इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस को रात करीब पौने आठ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला कस्साबन में गफ्फार पुत्र कय्यूम के मकान में काफी संख्या में गोवंश की खालें हैं। एक स्कोर्पियो में इनका लदान किया जा रहा है।
इस पर कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह, एसएसआई सुशील कुमार, एसआई जितेंद्र भाटी एवं इंद्रपाल सिंह, सिपाही जितेंद्र, संदीप आदि के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने स्कोर्पियो को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसमें से गोवंश की 18 खालें बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मकान की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे में गोवंश की खालों को लगाया गया था।
पुलिस के अनुसार कमरे से 80 खालें बरामद की गई। मकान मालिक गफ्फार पुत्र कय्यूम, उसके पुत्र नवाब, कासिम उर्फ काला, हफीज पुत्र वहीद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने रात में ही जेसीबी मंगाकर सभी खालों को दबवा दिया।
सोमवार सुबह पुलिस टीम ने गफ्फार को कस्बे से ही गिरफ्तार करने के बाद उसका चालान कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है।