लूट की वारदात कर भाग रहे बाइक सवार बदमाश पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बाइक छोड़कर जंगल में घुस गए। खबर लिखे जाने तक दो थानों की पुलिस जंगल में बदमाशों की तलाश में कांबिंग में जुटी हुई थी।
सोमवार की अपराह्न साढ़े तीन बजे के करीब बड़गांव थाना पुलिस को सूचना मिली की बाइक सवार दो बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर नानौता की ओर फरार हुए हुए हैं। इसकी सूचना नानौता थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना के समय नानौता पुलिस क्षेत्र के ग्राम तिलफरा ऐनाबाद रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस को चेकिंग करते देख बाइक सवार बदमाशों ने बाइक को वापस घुमाकर दौड़ा दिया। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया तो, बदमाश ग्राम खुड़ाना के जंगल में स्थित रेलवे अंडर पास पर बाइक छोड़कर जंगल में घुस गए। एसओ नानौता थानाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने पुलिस टीम एवं खुड़ाना के ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेतों को घेर लिया।
मौके पर बड़ग़ांव थानाध्यक्ष डीके त्यागी भी पहुंच गए। पुलिस व ग्रामीणों ने घंटों बदमाशों को पकड़ के लिए गन्ने के खेतों व जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। समाचार लिखे जाने तक दोनों थानो की पुलिस व ग्रामीण जंगल की खाक छान रहे थे। बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।