हत्या के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में दूध कारोबारी एवं प्रापर्टी डीलर राकेश अरोड़ा की बदमाशों ने अपहरण कर बलकटी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। रात में शव को उनकी कार में ही रखकर नगर पंचायत चेयरमैन के आम के बाग में छोड़ दिया।
सहारनपुर के मोहल्ला पुराना डीएसओ आफिस कंपाउंड निवासी राकेश अरोड़ा (45 वर्ष) पुत्र जनक सिंह का शहर और रामपुर मनिहारान में दूध और पनीर का काम है। वह रोजाना ही रामपुर मनिहारान आते-जाते थे।
सोमवार को भी राकेश अरोड़ा रामपुर मनिहारान अपने प्लांट पर गए हुए थे। शाम को लगभग 8 बजे वह सहारनपुर के लिए निकले लेकिन वहां नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनका फोन भी मिलाया, लेकिन फोन रिसीव ही नहीं हुआ।
जिस पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। लगभग 12 बजे परिजनों ने सदर बाजार कोतवाली में राकेश अरोड़ा के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने रामपुर मनिहारान पुलिस को भी इस बारे में सूचना दी।
मंगलवार को सुबह नगर पंचायत चेयरमैन पूनम चौधरी के बाग में एक कार खड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली, जिसमें खून से लथपथ एक शव पड़ा हुआ था।
यह सूचना सुबह लगभग 7 बजे बाग की देखभाल करने वाले जयसिंह ने चेयरमैन पति चौधरी प्रदीप को दी थी। पुलिस ने राकेश अरोड़ा के परिजनों को सूचना दी। हत्यारों ने राकेश की बलकटी से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी।