थाना क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर चोर तीन मकान और एक दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान ले गए। एक मकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन जगार होने पर चोर भाग खड़े हुए। इधर, शहर के कृष्णानगर में भी एक दुकान से चोर लाखों रुपये का सामान ले गए।
थाना क्षेत्र के गांव सारस निवासी कृष्णकांत की मांट रोड पर सौरभ कैरियर प्लस की दुकान का ताला तोड़कर चोर दो लैपटॉप, कंप्यूटर आदि ले गए। सादाबाद रोड स्थित टीचर्स कालोनी निवासी दीपक अग्रवाल के मकान से चोर सोने-चांदी के गहने, 40000 रुपये आदि ले गए। गुप्ता कालोनी निवासी रामदेवी के घर से चोर मोबाइल फोन आदि सामान चुरा ले गए।
मोहल्ला शिवपुरी में रहने वाले मोहन कुमार कौशिक के मकान से भी चोर कीमती सामान ले गए। पास के मकान में चोरी का प्रयास किया तभी लोग जाग गए तो चोर भाग खड़े हुए। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में उबाल है। चौकी कृष्णानगर क्षेत्र के सौंख रोड पर हरेंद्र चौधरी के कार्यालय से चोर लाखों रुपये का सामान निकाल ले गए।