सहारनपुर के गंगोह में महिला सहायता समूह बनाकर 30 महिलाओं को बैंक से 50 हजार रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 70 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। लोन नहीं मिलने पर महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर दो आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थाना बेहट क्षेत्र के गांव चौहडपुर कला निवासी पिंकी, लीला, रविता, सुदेश, प्रेमो, उमन, टिंकू, सतीश, प्रदीप आदि ने कोतवाली में तहरीर दी।
बताया कि गंगोह थाना क्षेत्र के गांव सलारपुरा निवासी एक युवक उनके गांव के ही एक व्यक्ति के साथ उनके घर आया था। आरोपियों ने 50-50 हजार रुपये का लोन दिलाने का झांसा देते हुए 30 महिलाओं का एक समूह बनवाया।
बुधवार को आरोपियों ने फाइल खर्च के नाम पर 2350 रुपये प्रत्येक महिला से लेकर 70 हजार रुपये इकट्ठा कर लिए और उन्हें बृहस्पतिवार को कस्बा छुटमलपुर स्थित कार्यालय आकर लोन की रकम प्राप्त करने के लिए कहा।
जब वह बुधवार को लोन की रकम लेने के लिए छुटमलपुर गई तो बताए गए स्थान पर न तो आरोपी मिले और न ही उनका कार्यालय मिला। संपर्क करने पर उनके फोन भी बंद मिले।
शुक्रवार को महिलाएं इकट्ठा होकर आरोपी के गांव सलारपुरा पहुंची और अपने रुपये वापस मांगे। आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए उनके रुपये वापस देने से इंकार कर दिया। इसके बाद महिलाएं कोतवाली पहुंची और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।