सहारनपुर सदर कोतवाली के ठीक सामने स्थित महिंद्रा गार्डन में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। हैरत की बात यह है कि घरवाले बाहर की साइड में बैठे हुए थे। बदमाशों ने पीछे के गेट से एंट्री कर बड़ी सफाई के साथ घटना को अंजाम दिया।
मकान मालकिन सुमनलता ने बताया कि मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे वह मकान के बाहर पेड़ की छांव में बहन पीतमो और नौकरानी गुड्डी के साथ बैठी हुई थी।
करीब साढ़े 12 बजे वह किसी काम से भीतर गई तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। उन्होंने भीतर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी में रखे गहनों के डिब्बे बाहर खुले बिखरे हुए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया।
साथ ही अपने परिचित पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर को बुलाया। उन्होंने तुरंत कोतवाली सदर बाजार में फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी जुटाई।
सुमनलता के अनुसार चोर पीछे के रास्ते दीवार फांदकर अंदर आए। जो अलमारी में रखी सोने की चार चेन, तीन जोड़े टॉप्स और चार सोने के कड़े ले गए। इनकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है।
उधर, कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।