मंगलवार तड़के नागल-गागलहेड़ी मार्ग पर घंटे भर तक पिकअप सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। दस किमी के दायरे में अलग-अलग जगह पर करीब छह ट्रक चालकों से तमंचे की नोंक पर मारपीट करते हुए बदमाशों ने नगदी और मोबाइल लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। एक ट्रक चालक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार की अलसुबह करीब पौने चार बजे पिकअप सवार बदमाशों ने नागल से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर एमएलडी पब्लिक स्कूल के पास कई ट्रकों को रुकवा कर उनके चालकों से नगदी लूट ली। इन्हें शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश आगे निकल गए।
इसके बाद उन्होंने सीड़की पुलिस चौकी के पास पेट्रोल पंप पर खड़े एक दस टायरा ट्रक के चालक जुबेर पुत्र इदरीश निवासी बिसवाड़ा, थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर से मारपीट करते हुए तीन हजार रुपये, मोबाइल और ट्रक में लगा म्यूजिक सिस्टम लूट लिया। इसके बाद बदमाशों ने आईएमटी कॉलेज के सामने खड़े ट्रक में सो रहे दिलशाद निवासी उमाही को अपना निशाना बनाया। दिलशाद पर नगदी न मिलने पर बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की और उसके हाथ पैर बांध कर ट्रक में डाल दिया।
इसके बाद बदमाशों ने गांव भलस्वा मोड़ पर आजाद ढाबे के आसपास खड़े ट्रक चालकों से मारपीट करते हुए नगदी लूट ली और फरार हो गए। इसी बीच पीड़ितों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सके।
माना जा रहा है कि वे गांवों के रास्ते उत्तराखंड की तरफ निकल गए होंगे। पीड़ित चालक दिलशाद ने बताया कि बदमाशों के पास पिकअप गाड़ी थी। दो बदमाश घटना को अंजाम दे रहे थे, जबकि दो गाड़ी में बैठे रहते थे। उधर, थाना प्रभारी गिरीश कुमार जयंत ने बताया कि एक ट्रक चालक के लुटने की सूचना है। उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अध्यापिकाओं से लूटी नगदी, मोबाइल
नानौता। छुट्टी के बाद स्कूल से लौट रही ई रिक्शा सवार दो शिक्षिकाओं से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने हजारों की नकदी और मोबाइल लूट लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय शिक्षिकाओं को चलता कर दिया। नानौता क्षेत्र के गांव आभा स्थित राजकीय हाईस्कूल में पढ़ाने वाली दो अध्यापिकाएं प्रीति कश्मीरा और सोनी सिंह सहारनपुर से आती है।
सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद करीब तीन बजे दोनों अध्यापिकाएं ई-रिक्शा में सवार होकर नानौता की ओर आ रही थी। ई-रिक्शा जब गांव नैनपुर स्थित एक मजार के पास स्थित आम के बाग के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने रिक्शा रोक ली। बदमाश ने दोनों अध्यापिकाओं को तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए उनके पर्स और मोबाइल लूट लिए और फरार हो गए। एक पर्स में करीब साढ़े आठ हजार और दूसरी के पर्स में करीब साढ़े चार हजार रुपये थे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित शिक्षिकाओं को चलता कर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को दोनों शिक्षिकाएं थाने पहुंची और तहरीर दी। इस संबंध में एसआई सतीश यादव का कहना है कि प्रीति कश्मीरा की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एटीएम कार्ड बदल कर 96 हजार की ठगी
नानौता। नकदी निकालने गए एक सैलून संचालक का धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर किसी शातिर ने उसके खाते से दो दिन में 96 हजार रुपये साफ कर दिए। रकम निकलने का एसएमएस मिलने पर खाताधारक के होश उड़ गए। उसने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर में पिछले कुछ समय से धोखाधड़ी से एटीएम बदलकर रुपये निकालने की वारदातें बढ़ती जा रही है।
मोहल्ला शेखजादगान निवासी मुर्सलीन पुत्र इदरीश के साथ भी ऐसी वारदात हो गई। मुर्सलीन ने बताया कि शनिवार को वह नगर के एसबीआई के एटीएम पर रकम निकालने पहुंचा तो 10 हजार निकलने के बाद मशीन रुक गई। इसी दौरान वहां पहले से ही पीछे की ओर खड़े युवक ने उसकी लिमिट खत्म होने की बात कहते उसे वहां से भेजते हुए उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद उसके खाते से लगातार दो दिनों तक 96 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई।
निकली रकम का मेसेज मोबाइल पर आने के बाद उसके होश उड़ गए। उसने बैंक अधिकारियों से संपर्क कर तुरंत खाता से लेनदेन बंद कराया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उसके खाते से महाराष्ट्र के नासिक निवासी कैलाश के खाते में पैसा पहुंचाया गया है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।