फायरिंग के बाद मौके पर आए लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में मोहल्ला शाहजीलाल में तंबाकू व्यापारी पर चार लोगों ने फायरिंग कर दी। व्यापारी का आरोप है कि उक्त लोग उससे हफ्ता वसूली करने के लिए आए थे। इंकार करने पर उन्होंने फायरिंग की। वह बाल बाल बच गया।
मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी शाह जमन की मोहल्ला शाहजीलाल में तंबाकू की दुकान है। वह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां पहुंचे चार लोगों ने फायरिंग कर दी। बाजार होने के चलते भीड़ में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। व्यापारी शाहजमन ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला फौलादपुरा के चार युवक आए दिन उससे हफ्ता मांगते है।
बुधवार को भी वे उससे हफ्ता वसूली करने आए थे आरोप है कि उसने पैसे देने से इंकार किया तो उन्होंने गाली गलौज की। विरोध किया तो उन्होंनेे उस पर कई फायर कर दिए। जिसमें वह बाल बाल बचा।
शाह जमन का आरोप है कि उक्त युवक जाते समय गल्ले में रखी करीब आठ हजार की नगदी भी ले गए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।