सहारनपुर के चिलकाना में दिनदहाड़े चार बदमाशों ने एक युवक से बाइक और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सके।
गांव बीबीपुर थाना देवबंद निवासी समुद्र सैन बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी को डायट पटनी में प्रशिक्षण में शामिल कराने के लिये आया था। पत्नी को डायट में छोड़ कर वह सायं करीब चार बजे पटनी गुफा के पास स्थित रूपनाथ के आश्रम में जा रहा था।
आश्रम के निकट स्थित गन्ने के खेत के किनारे खड़े चार युवकों ने उसको रोक लिया और तमंचे की नोक पर उसकी बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया और पटनी की तरफ भाग गये।
पीड़ित ने अपने साथ हुई लूट की घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 100 और चिलकाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल 100 और चिलकाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने लुटेरों की खोज की, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। लूट की सूचना मिलते ही एसपी सिटी संजय सिंह और सीओ सदर बृजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी प्राप्त की। पुलिस कई टीमें बनाकर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही है। थाना प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि पीड़ित से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।