सहारनपुर में बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार दो चोरों को धर दबोचा। इनसे पूछताछ के बाद बड़े बाइक चोर गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस ने रातों रात ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीन गांवों से सात बाइक चोरों को धर दबोचा। जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा। इनके कब्जे में चोरी की 11 बाइक बरामद हुई है।
ये सभी बाइक नोएडा और गाजियाबाद से चोरी की गई थी। चोर बाइक के फर्जी कागजात बना कर ग्राहक को बेच देते थे। सभी आरोपियों का चालान कर दिया है।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा ने बताया कि रविवार की देर शाम गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस ने टांडा मिश्री के घूम पर बाइक सवार दो युवकों को रोका तो वे बाइक छोड़ कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि उनके पास मौजूद बाइक चोरी की है। सख्ती से पूछताछ में वे बाइक चोर गिरोह के सदस्य निकले। उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इस गैंग के सात सदस्यों को रात में गिरफ्तार कर लिया। उनके घरों से 11 बाइक भी बरामद हुई है। जो सभी चोरी की हैं।
पकड़े गए वाहन चोरों में गैंग लीडर नरेश उर्फ काका, संजय पुत्र रतिराम निवासीगण गांव टांडा मिश्री, कैलाश एवं विक्रमपाल पुत्रगण चेतराम, राकेश पुत्र फूल सिंह निवासीगण बिहारीगढ़, नरेंद्र उर्फ चिंटू पुत्र सुभाष निवासी गांव फतेहपुर पेलियो, सुनील उर्फ मिंटू पुत्र चंदरपाल निवासी गांव नरोत्तमगढ़ थाना बिहारीगढ़ शामिल हैं।
जबकि इनका एक साथी अभी फरार है। इनके पास से चोरी की 11 बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस पूछताछ में चोरों ने बताया कि सभी बाइक उन्होंने गाजियाबाद और नोयडा से चुराई हैं। चोरी के बाद बाइकों को टांडा मिश्री गांव में लाया जाता था। यहां इनके फर्जी कागजात बनाने के बाद ग्राहक ढूंढ कर बाइक बेच दी जाती थी।