सहारनपुर में गोमांस पकड़वाने वाले हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर जमकर हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न और गोवंश कटान में संलिप्त पुलिस कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि रामपुर मनिहारन के ग्राम चकवाली में एक जुलाई को कार्यकर्ताओं ने गोमांस पकड़वाया था।
कार्यकर्ताओं को पीटकर घायल कर दिया, उनकी बाइक, मोबाइल एवं पर्स छीन लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के घर एवं बिटौड़े से मांस बरामद किया।
लेकिन पुलिस ने गौवंश का कटान करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बजाय, गोमांस पकड़वाने वाले हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। गोवंश के हत्यारों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस या तो किसी के दबाव में काम कर रही है अथवा गोवंश कटान में पुलिस की भी संलिप्तता है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गोवंश कटान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं,
कार्यकर्ताओं से छीने गए मोटरसाइकिल, मोबाइल एवं पर्स वापिस दिलाया जाए, अस्पताल में भर्ती सुनील कुमार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए एवं गौवंश कटान में संलिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में शिव कुमार गौड़, रमेश चंद शर्मा, संदीप तायल, बृजेश राणा, कमलेश अग्रवाल, अरविंद जैन, जेएन शर्मा, देवेंद्र कुमार, एचसी गुप्ता, राहुल झाम, आशु अरोरा, नरेश चंद, अंकित वीर, अजय, सर्वेश गुप्ता, सचिन गुर्जर,
राकेश कांबोज, अनुज शर्मा, राकेश जैन, अजय त्यागी, रविंद्र तोमर, शिव सिंह नेगी, रविंद्र कोरी, पवन शर्मा, मनमोहन, शिव कुमार, रोहिताश, देवेंद्र, हेमंत राणा, लोकेश, अमित, सतीश, रामपाल, जसवंत शामिल रहे।
उधर, बजरंग दल प्रखंड सरसावा के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस पर दूसरे समुदाय को खुश करने के लिए हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि मुकदमा वापस नहीं लिया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर जसविंद्र कोरी, ब्रिजेश राणा, सुनील, अनिल कोरी, संदीप सैनी, राजेंद्र राणा, गोल्डन,विपिन, अनुज, राहुल, अमित, रिंकू, विशाल पंडित शामिल रहे।