सहारनपुर के बेहट में पांच सशस्त्र बदमाशों ने मिरगपुर पांजूवाला गांव स्थित एक आश्रम में घुसकर साधू और उसके सेवक को आतंकित करते हुए पांच हजार रुपये की नगदी और सामान लूट लिया।
सुबह होने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाली बेहट क्षेत्र मिरगपुर पांजूवाला गांव में शाकंभरी देवी रोड पर बाबा रुपनाथ का आश्रम है, जिसमें काली माता का मंदिर निर्माणाधीन है।
यहां बाबा रूपनाथ के साथ गांव नारसन जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) निवासी कंवरपाल सिंह रह रहा है। रात करीब दो बजे पांच-छह बदमाश आश्रम में घुस आए और उन्होंने बाबा रुपनाथ एवं उनके सेवक कंवरपाल को गन प्वाइंट पर लेकर आश्रम परिसर में स्थित निर्माणाधीन मंदिर में बंद कर दिया।
बदमाश आश्रम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए पांच हजार रुपये एवं कुछ सामान लूटकर फरार हो गए। भोर होने पर मंदिर के अंदर बंद बाबा रूपनाथ और कंवरपाल ने शोर मचाया।
शोर सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित साधू की ओर से घटना की तहरीर दी गई है।