सहारनपुर के बेहट में आरक्षित वन क्षेत्र में शिकार करने के बाद वन्य जीव का मांस बोलेरो में लेकर आ रहे दो शिकारियों को शाकंभरी देवी में स्थित मिर्जापुर थाने के तीन पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। मगर, असलहों से लैस तीन आरोपी भाग निकले।
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को धमकाने के साथ ही सत्ता की हनक भी दिखाई गई। पांचों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई।
शनिवार की तड़के करीब साढे़ चार बजे शाकंभरी देवी में स्थित पुलिस चौकी पर तैनात एचसीपी सुभाष शर्मा, सिपाही प्रशांत कुमार एवं रमेशचंद को सूचना मिली कि शिवालिक वन प्रभाग (आरक्षित वन क्षेत्र) की शाकंभरी देवी वन रेंज क्षेत्र के जंगल से कुछ शिकारी वन्य जीव का शिकार कर मांस बोलेरो कार में लेकर आ रहे है।
उन्होंने दुकानदारों की मदद से चौकी से ऊपर खोल में रास्ते पर पत्थर लगवाकर बोलेरो को रोक लिया। इस दौरान उसमें सवार असलहों से लैस तीन लोग गाड़ी से उतरकर भाग खड़े हुए, जबकि दो को पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया और उन्हें कार समेत चौकी पर ले आए।
कार से तलाशी लेने पर एक बंदूक, 12 बोर के आठ कारतूस, दस खोखे, चार छुरी और गाड़ी डिग्गी में प्लास्टिक के कट्टों में करीब 50 किलो वन्य जीव का मांस बरामद हुआ। पकड़े गए शिकारियों ने पुलिसकर्मियों को धमकाया और सत्ता का डर भी दिखाया।
पुलिसकर्मियों ने उसी समय थाना मिर्जापुर में सूचना दे दी, लेकिन कार्यवाहक इंचार्ज संजीव भटनागर करीब साढ़े छह बजे दो घंटे बाद जीप लेकर मौके पर पहुंचे।
पकड़े गए आरोपी हाजी राहिल पुत्र जमशेद खान निवासी पिलखन तला, बिलाल पुत्र सुल्तान लुहार निवासी याहया शाह कोतवाली मंडी सहारनपुर है।
फरार साथियों में शादाब पुत्र मोहम्मद मुस्तफा, दिलशाद पुत्र शमशेर और मुनीर पुत्र जाऊद्दीन निवासीगण याहया शाह कोतवाली मंडी सहारनपुर के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की है।
निहत्थे पुलिसकर्मियों ने दिखाया साहस। थाना मिर्जापुर की शाकंभरी देवी पुलिस चौकी पर तैनात एचसीपी सिपाही सुभाष शर्मा, सिपाही प्रशांत कुमार और रमेशचंद ने निहत्थे होते हुए भी असलहे से लैस शिकारियों को पकड़ने की हिम्मत दिखाई।
सत्ता की हनक दिखाते हुए सिपाहियों पर रौब गालिब भी किया गया और डराने की कोशिश भी की गई। मोटी रकम घूस में देने की पेशकश भी की गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने अपना ईमान नहीं बेचा और स्थानीय दुकानदारों की मदद से दो आरोपियों को बोलेरो समेत धर लिया।