सहारनपुर के बेहट में अचानक लापता हुए आइटीआई के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव संसारपुर गांव के पास एक अमरूद के बाग में पड़ा मिला। परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस के समक्ष हंगामा किया।
इंस्पेक्टर के समझाने पर भीड़ शांत हुई। तब पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा। कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर कलां गांव निवासी अंकुर (19) पुत्र राजेंद्र छुटमलपुर के पास स्थित एक प्राइवेट कॉलेज से आईटीआई कर रहा था। शुक्रवार की सुबह वह घर से कॉलेज के लिए निकला था।
दोपहर 2:40 बजे उसने अपने भाई अंकित को फोन किया, कि वह संसारपुर पहुंच गया है। अंकित जब संसारपुर पहुंचा, तो अंकुर उसे वहां नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई अता पता नहीं चल सका,
तो अंकित घर पहुंचा और परिजनों को अंकुर के अचानक लापता होने की जानकारी दी। परिजन दिन भर उसकी तलाश करते रहे और देर शाम अंकुर के अचानक लापता होने की तहरीर दी।
शनिवार की सुबह संसारपुर गांव निवासी प्रेमलाल ने गांव के भूरा के अमरूद के बाग में किसी युवक का शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर जमा हुई भीड़ ने मृतक युवक की शिनाख्त अंकुर के रूप में की।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अंकुर में जान होने की आश लेकर परिजन शव को कलसिया में एक चिकित्सक के यहां लेकर आए, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस पर परिजनों ने अंकुर हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर शांत किया। पुलिस ने मुश्किल से परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन फिर पुलिस अंकुर के अचानक लापता होने से लेकर अन्य सभी बिदुंओं पर जांच कर रही है। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
- नरेश चौहान कोतवाली प्रभारी बेहट।