क्षतिग्रस्त की गई बाबा साहब की प्रतिमा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गंगदासपुर जट्ट गांव में असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, लेकिन मामले की नजाकत को भांपते हुए हरकत में आए प्रशासन ने सोमवार को उसी स्थान पर नई प्रतिमा को स्थापित कराकर लोगों का गुस्सा शांत किया।
सोमवार की सुबह जैसे ही गांव के लोग उठे तो उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त पाया। इससे दलित समाज के लोगों में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। जानकारी मिलते ही बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद, मंडल कोआर्डिनेटर लोधी कुमार, विधानसभा प्रभारी चौधरी नवीन खटाना, त्रिभुवन कुमार, डा. सुभाष चंद्रा, राजपाल कर्णवाल, सुशील व जितेंद्र बौद्ध आदि कार्यकर्ता गंगदासपुर जट्ट गांव पहुंचे तथा पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसडीएम रामविलास यादव, तहसीलदार परमानंद झा और कोतवाल पंकज त्यागी पुलिस फोर्स के साथ गंगदासपुर की तरफ दौड़ पड़े। बसपा नेताओं ने अधिकारियों से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले दोषी असामाजिक तत्वों का सुराग लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लोगों के गुस्से को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत ही बाबा साहब की नई प्रतिमा को उसी स्थान पर स्थापित करा दिया। साथ ही लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिलाया। ग्राम प्रधान अशोक कुमार ने कोतवाली में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि प्रतिमा को स्थापित करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।