सहारनपुर में अवैध संबंधों में बाधक बने पति अमन को उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा था। शनिवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुुलासा करते हुए अमन की पत्नी अनुराधा, उसके प्रेमी एवं प्रेमी के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद कर लिया है। बुधवार की रात में हुए अमन हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। एसपी सिटी संजय सिंह ने बताया कि अमन की हत्या पत्नी अनुराधा ने अवैध संबंधों में बाधक बनने पर प्रेमी के साथ मिलकर की।
क्राम ब्रांच की टीम एवं सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने आरोपी पत्नी अनुराधा, नागल निवासी अंकित तथा नागल के गांव पांडैली निवासी टीनू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अमन को पत्नी अनुुराधा और अंकित के अवैध संबंधों के बारे में पता चल गया था।
जिसका वह विरोध कर रहा था। इसे लेकर कई बार दोनों के बीच विवाद भी हुआ। इस पर अनुराधा ने अमन को रास्ते से हटाने की ठान ली।
बुधवार की रात को अनुराधा ने अंकित को नागल से बुलाया।
अंकित रात लगभग 9-10 बजे के बीच अपने साथी टीनू निवासी ग्राम पांडोली को साथ लेकर अनुराधा के घर पहुंचा। तीनों ने मिलकर अमन को अपने कब्जे में कर लिया और डंडे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
उसके बाद उसकी ही बाइक पर उसके शव को नवादा रोड स्थित रजवाहे में पुलिया के पास फेंक दिया। इसके बाद अंकित और टीनू रेलवे स्टेशन पहुंचे और बाइक को स्टेशन पर खड़ी करके ट्रेन से नागल चले गए।
उधर, अनुराधा ने अमन के परिजनों को बताया था कि उसने उल्टी आने के कारण अमन को दवा लेने के लिए भेजा था। अमन की पत्नी इतनी कठोर दिल निकलेगी किसी ने विश्वास भी नहीं किया था।
अमन के गायब होने की पत्नी अनुराधा ने ही परिजनों को सूचना दी, फिर परिजनों के साथ मिलकर तलाश किया। सुबह अमन का शव मिलने के बाद वह बिलख उठी और बेसुध होने का नाटक करती रही। उसका बिलखना देखकर किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।
अवैध संबंधों का विरोध कर रहा था अमन
अमन को अपनी पत्नी अनुराधा के अवैध संबंधों के बारे में पता चला तो वह काफी नाराज हुआ। इस बात को लेकर उसका अनुराधा से कई बार विवाद हुआ और मारपीट भी हुई।
पुलिस पूछताछ में अमन की पत्नी अनुराधा ने बताया कि अमन उसके साथ मारपीट करने लगा था। जिस पर उसे कई दिनों से गुस्सा आ रहा था, जबकि वह अंकित से प्रेम करती थी। इसलिए उसने रोज-रोज की कलह से छुटकारा पाने के लिए अमन को मार डाला।
शादी से पहले से ही चल रहा था प्रेम प्रसंग
अंकित ने बताया कि अनुराधा से उसका शादी से पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। अनुराधा की शादी के कुछ समय बाद ही उसने फिर से उससे मिलना शुरू कर दिया। कुछ दिन तक उनका मिलना जारी रहा।
इसका पता अमन को चल गया और उसने अनुराधा के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। इस कारण उसे ठिकाने लगाना पड़ा। अमन की हत्या में शामिल अंकित का साथी नागल के ग्राम पांडोली निवासी टीनू लूट का आरोपी है।
कोतवाली सदर बाजार पुलिस के अनुसार टीनू ने थाना चिलकाना क्षेत्र से कुछ दिन पूर्व ही मधुमक्खियों के बॉक्स लूट लिए गए थे। इस मामले में अंकित वांछित चल रहा था।