थाने से हथकड़ी सहित फरार हुआ चोर पकड़ा
बेहट। कोतवाली पुलिस ने चोरी किए गए मोबाइल की लोकेशन का पता लगाकर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर कई घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़ा गया चोर छह साल पहले फतेहपुर थाने से हथकड़ी समेत फरार हो गया था। उसने पूछताछ में हरियाणा, उत्तराखंड और यूपी में हुई चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।
बुधवार को कोतवाली में प्रेसवार्ता में कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि 14 नवंबर 2017 को ताजपुरा के अब्दुल लतीफ पुत्र असगर अली के घर में चोरी हुई थी, जिसमें नगदी एवं मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन से शातिर चोर इलताफ पुत्र मतलूब निवासी करौंदी को बाबैल बुजुर्ग गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने उत्तराखंड के विकासनगर, देहरादून, हरिद्वार, यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं हरियाणा में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया चोर बहुत ही शातिर है, जो छह वर्ष पहले थाना फतेहपुर से हथकड़ी सहित फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है।