गंगोह (सहारनपुर)। घर में अकेली पाकर गांव सांगाठेड़ा निवासी एक महिला से छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस में किए जाने से नाखुश आरोपियों ने मंगलवार की सुबह पीड़िता को मारपीट कर उसे घायल कर डाला। महिला ने तीन सगे भाइयों सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव सांगाठेड़ा निवासी विवाहिता द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक सोमवार की शाम उसे अकेली पाकर उसके घर में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसके शोर मचाने पर उसका देवर मौके पर आया तो आरोपित ने अपने साथी के साथ उससे भी मारपीट की। पीड़िता ने रात में ही पुलिस से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की। इससे नाखुश आरोपी ने अपने तीन सगे भाईयों सहित एक अन्य के साथ मंगलवार की सुबह घर से बाहर गली में उसे दबोच लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पड़ोसियों व परिजनों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खडे़ हुए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।