गागलहेड़ी (सहारनपुर)। जमीन के विवाद को लेकर बेहड़ी गुज्जर गांव में हुई हत्या में नामजद पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि चार दिन पूर्व गागलहेड़ी थाने के बेहड़ी गुज्जर गांव में 42 बीघा खेती की जमीन के बंटवारे को लेकर एक ही खानदान के दो पक्षों में तलवार और बलकटी चली थी। इसमें एक पक्ष के 55 वर्षीय ओमपाल पुत्र जय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के भतीजे अंकुर पुत्र राजपाल ने पांच लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी ने बताया की पुलिस ने नकली राम पुत्र देवी सिंह, लोमीश पुत्र मगन, मगन पुत्र नकलीराम, सिताब सिंह पुत्र खिला राम और जसबीर पुत्र चंद्र किरण निवासी बेहड़ी गुज्जर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की निशान देही पर हत्या में प्रयोग की गई बलकटी और लोहे का सरिया बरामद किया है।