बेहट/साढौली कदीम (सहारनपुर)। चोरों ने एक ही रात में दो गांवों में तीन घरों से 32 हजार रुपये की नगदी सहित लगभग चार लाख का सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात के दौरान एक घर में जाग होने पर ग्रामीणों ने चोरों का पीछा भी किया। सूचना पर पहुंची यूपी डायल 100 पुलिस एवं कोतवाली पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ जंगल में कांबिंग की लेकिन चोर हत्थे नहीं चढ़ सके। हालांकि एक खेत से चोरों की साइकिलें, कपड़े और कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं। पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर जांच शुरू कर दी।
कोतवाली बेहट के गांव झींवरहेडी में चोरों ने चरण सिंह के घर में रात साढ़े 11 बजे घुसने का प्रयास किया। चरण सिंह इत्तेफाक से उसी समय शौच के लिए उठा तो दीवार के पास संदिग्ध व्यक्ति देख उसने शोर मचा दिया। इस पर चोर भाग खड़े हुए। इसके बाद चोरों ने पास ही के गांव रोगला हथौली में वाकिब और आकिल पुत्र चौ. कामिल के घर को निशाना बनाया। पीड़ित आकिल के अनुसार वह रात गेट के पास बरामदे में सो रहा था। उसका छोटा भाई वाकिब दवा लेने खेड़ा अफगान गया था। घर में वाकिब की पत्नी उषका जिस कमरे में सो रही थी चोरों ने पहले उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। फिर बराबर के कमरे में रखे सामान को खंगाला। पीड़ित के अनुसार चोरों ने उसके घर से चार सोने के कंगन, एक किलो चांदी की पाजेब, सोने के कूंदे, एक हार, अंगूठी, झुमकी सहित सात हजार की नगदी और 15 सूट, 12 गर्म चादर, दो हाथ घड़ी, दो बैग चुरा लिए। उन्हें घटना का पता सुबह चला जब घर का सामान बिखरा देखा। इसके बाद चोरों ने आकिल के पड़ोसी महसून पुत्र अब्बलहसन के घर को भी निशाना बनाया। यहां से चोर पांच हजार की नगदी सहित लाखों रुपये के गहने और कपडे़ चुराए। पीड़ित के अनुसार उसके घर से चोरों ने सोने की हसली, पाजेब, सोने की चूड़ियां, नथ, तबजी एवं दस जोड़ी कपड़े चुरा लिए। कपड़ों का खाली छोटा संदूक पास ही किसान बांके सिंह के गन्ने के खेत में छोड़ गये। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित के अनुसार यूपी 100 आधे घंटे में मौके पर पहुंच गयी लेकिन कोतवाली पुलिस कई बार फोन करने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंची।
इसके साथ ही चोरों ने कोतवाली बेहट के ही गांव रसूलपुर में प्रताप सिंह पुत्र चौ. रुलिया सिंह के घर में भी बीती रात वारदात को अंजाम दिया। प्रताप सिंह के अनुसार वह रात्रि में घर के आंगन में सो रहा था। बराबर के कमरे में उसकी बहन नीलम एवं मां सो रही था। रात करीब तीन बजे उसे आहट सुनायी दी तो देखा कि चोर घर से सामान उठा बाहर निकल रहे थे तभी उसने शोर मचाया। शोर सुनकर पास के घर में सो रहे उसके भाई तेजपाल, जसमेर, अजमेर चोरों के पीछे दौड़ पड़े। चोर पास ही गन्ने के खेत में जा घुसे। थोड़ी ही देर में शोर सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और यूपी 100 एवं कोतवाली पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में कांबिंग की। ग्रामीणों के अनुसार गन्ने के खेत से चोरों की दो साइकिल, डंडे, चार जोड़ी चप्पल, चार जोड़ी कपडे़ तोलिए पड़े मिले। कपड़ों में एक कागज भी मिला जिस पर पांच अलग-अलग मोबाइल नंबर लिखे हैं। इस कागज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पीड़ित प्रताप के अनुसार उसके घर से चोरों ने 20हजार की नकदी एवं सोने का हार, अंगूठी, बाली, पायजेब व मंगलसूत्र चुरा लिए। चोरी किये कपड़े सूट केश और बक्सा गन्ने के खेत से मिल गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की वारदातों का खुलासा कर दिया जाएगा।