मदरसा छात्र ने सीएम समेत जनप्रतिनिधियों की आपत्तिजनक पोस्ट डाली
देवबंद (सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर एक मदरसा छात्र द्वारा मुख्यमंत्री आदित्यनाथ सहित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ डाली गई आपत्तिजनक पोस्ट से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस आरोपी छात्र की तलाश कर रही है। वहीं, भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से आरोपी छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
छात्र ने शनिवार को उक्त विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली थी। जिसके बाद भाजपाइयों में रोष फैल गया। भाजपा नगर अध्यक्ष गजराज राणा ने कहा योगी आदित्यनाथ राज्य के मुख्यमंत्री होने के साथ एक संत भी है। उनके खिलाफ डाली गई अभद्र टिप्पणी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने कहा कि पूरे मामले से एसएसपी को अवगत कराया जाएगा। कोतवाल पंकज त्यागी ने कहा कि पुलिस की साइबर सेल की टीम द्वारा छात्र के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।