नकाबपोश बदमाशों ने फाइनेंसकर्मी को लूटा
देवबंद (सहारनपुर)। बन्हेड़ा नहर पटरी पर नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर बाइक सवार फाइनेंस कर्मचारी से हजारों रुपये की नगदी और मोबाइल लूट लिए। पुलिस ने बाइक सवार से पूछताछ करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर मनिहारान निवासी अंकित कुमार रुड़की स्थित जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। मंगलवार को बाइक पर बन्हेड़ा नहर की पटरी से होकर रुड़की जा रहा था। जब वह जटौल और मंझौल जबरदस्तपुर गांव के बीच पहुंचा तो पीछे से आई बाइक पर सवार दो बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर उसे रोक लिया तथा तमंचा कनपटी पर सटाते हुए उससे करीब 48 हजार रुपये की नगदी और दो मोबाइल लूट लिए। इसके बाद बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
लूट की सूचना मिलते ही कोतवाल पंकज कुमार त्यागी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अंकित कुमार से पूछताछ करते हुए कई पुलिस चौकियों पर बाइकों की चेकिंग कराई। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पूछताछ में अंकित ने बताया कि दो बदमाश मुंह पर नकाब बांधकर उसके पास आए थे। इनमें एक बदमाश के पास पिस्टल जबकि दूसरे के पास तमंचा था। लूट के बाद वह उत्तराखंड की ओर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।