अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक दर्जन बाइक, एक स्कूटी, फर्जी आरसी और हथियार बरामद हुए।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि शुक्रवार को थाना फतेहपुर पुलिस ने कलसिया रोड पर यूको बैंक मुजफ्फराबाद के पास से चेकिंग के दौरान वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी एक बाइक बरामद हुई। इसके अलावा निशानदेही पर 11 अन्य बाइक, एक स्कूटी, एक तमंचा, एक कारतूस, एक चाकू, एक फर्जी आरसी बरामद की गई। आरोपियों ने उत्तराखंड़, हरियाणा और सहारनपुर में वाहन चोरी करना स्वीकार किया। एसएसपी ने चोरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का नगद ईनाम देने की घोषणा की।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने अपने नाम मुख्तयार पुत्र अल्लाबंदा निवासी कमेला कॉलोनी, फरमान पुत्र इनाम निवासी शेखपुर कंधेला कॉलोनी कोतवाली मंडी, ओनिस उर्फ राजा पुत्र भोपाल निवासी गांव फरकपुर नवादा थाना फतेहफर बताया है।
--
फर्जी आरसी बनवाकर बेचते थे बाइक
सहारनपुर। एसएसपी ने बताया आरोपी ओनिस मिस्त्री है। मौके से बरामद स्पलेंडर प्रो बाइक जनकपुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी। बाइक पर फर्जी नंबर डालकर फर्जी आरसी बनवा ली थी। आरोपियों ने चोरी के वाहन ओनिस मिस्त्री के यहां खड़े किए थे। इन वाहनों का रंग-रूप बदलकर और फर्जी आरसी बनवाकर ग्राहकों को बेच देते थे।