महिलाओं ने शराब तस्कर छुड़वाया, बाद में पकड़ा गया
नानौता (सहारनपुर)। गांव ओलरा में अवैध शराब तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस के साथ महिलाओं ने धक्कामुक्की करते जमकर विरोध किया। उन्होंने आरोपी को पुलिस से छुड़वा लिया। कुछ देर बाद अधिक फोर्स बुलाकर आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 लीटर रेक्टीफाइड शराब बरामद कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
शुक्रवार देर शाम गांव ओलरा में पुलिस ने एक ग्रामीण करण पुत्र राजाराम के घर में अवैध शराब की कसीदगी को लेकर छापेमारी की। छापेमारी में पुलिस ने आरोपी करण को पकड़ लिया और वापस थाने पर लौटने लगी तो महिलाओं ने हंगामा कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर दिया। पुलिसकर्मियों के विरोध पर भी आरोपी को थाने ले जाने की कोशिश पर हंगामा कर रही एक युवती ने एक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता कर धक्कामुक्की की और आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़वा लिया। इस पर थाने से और पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। बाद में आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।